
देहरादून, उत्तराखंड: उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार का राज फिर से शुरू हो गया है। आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, यूपी सीएम आदित्यनाथ योगी समेत कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भव्य रूप से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सरकार के आठ मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। एक दिन बाद यानी कल 24 मार्च को नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी होने जा रही है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
परेड ग्राउंड में पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने शपथ ली। वह प्रदेश के के 12वें मुख्यमंत्री बन चुके हैं। इससे पहले भी वह मुख्यमंत्री रहे लेकिन चुनाव हारने के बाद भी भाजपा ने फिर से उन पर ही भरोसा जताते हुए राजगद्दी सौंप दी है। इसके अलावा मंत्रीमंडल में 8 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनमें से सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, चंदन रामदास और सौरभ बहुगुणा ने शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वीआइपी मौजूद रहे। परेड ग्राउंड में खचाखच भरे मैदान में सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। प्रेमचंद अग्रवाल, चंदन रामदास और सौरभ बहुगुणा ऐसे चेहरे हैं जिन्हें कैबिनेट में पहली बार शामिल किया गया है। अन्य सभी पहले से ही भाजपा सरकार में मंत्री रहे हैं।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
ये नए चेहरे मंत्री बने…
प्रेमचंद अग्रवाल- प्रेमचंद्र अग्रवाल ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर आए हैं। वह इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पांच साल तक उनके नेतृत्व में विधानसभा के सभी सत्र संचालित किए गए। अब उन्हें भाजपा सरकार की कैबिनेट में मंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चंदन राम दास- चंदन राम दास बागेश्वर से विधायक चुनकर आए हैं। उन्हें पहली बार सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने कई समीकरण बैलेंस करने के लिए उन्हें भी कैबिनेट मंत्री बनाया है।

सौरभ बहुगुणा- सितारगंज से लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर आए सौरभ बहुगुणा को भी मंत्री बनाया गया है। सौरभ बहुगुणा पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के पुत्र हैं और इस बार विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं।

ये पुराने चेहरे रिपीट…
सतपाल महाराज- सतपाल महाराज चैबट्टाखाल पौड़ी गढ़वाल से एक बार फिर विधायक चुनकर आए हैं। वह पहले भी सरकार में मंत्री रहे। उनके पास पर्यटन, लोनिवि, संस्कृति समेत कई विभाग थे। इससे पहले सतपाल महाराज कांग्रेस में नेता रहे लेकिन 2016-17 में वह भाजपा में शामिल हो गए थे।
सुबोध उनियाल- सुबोध उनियाल नरेंद्रनगर से विधायक चुनकर आए हैं। इससे पहले भी वह इसी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और पिछली सरकार में भी मंत्रीमंडल में कद्दावर मंत्रियों में से एक हैं। उनके पास पिछली सरकार में उद्यान, कृषि समेत कई महत्वपूर्ण विभाग रहे। इससे पहले सुबोध उनियाल भी कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे, लेकिन हरीश रावत सरकार में उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कर दिया था।
डाॅ. धन सिंह रावत- श्रीनगर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर आए डाॅ. धन सिंह रावत पिछली सरकार में पहले राज्यमंत्री और फिर करीब छह माह तक कैबिनेट मंत्री रहे। उनके पास चुनाव से पहले स्वास्थ्य, सहकारिता, उच्च शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विभाग रहे। अब फिर से उन्हें मंत्रीमंडल में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शामिल कर लिया गया है।
गणेश जोशी- गणेश जोशी मसूरी से लगातार विधानसभा में चुनकर आते रहे हैं। पिछले सरकार के अंतिम छह माह में गणेश जोशी को कैबिनेट में शामिल किया गया था। उनके पास सैनिक कल्याण समेत अन्य कई विभाग थे। अब फिर उन्हें कैबिनेट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रेखा आर्य- रेखा आर्य सोमेश्वर से एक बार फिर विधायक चुनकर आई हैं। इससे पहले भी वह सरकार में कैबिनेट मंत्री रही। उनके पास पशुपालन समेत कई महत्वपूर्ण विभाग रहे। इस बार फिर उन्हें कैबिनेट में मंत्री पद सौंपा गया है।




